बड़ी कार्रवाई: कमिश्नर ने CEO को किया निलंबित, लगे गंभीर आरोप; ये है पूरा मामला
Wednesday, Apr 29, 2026-09:05 AM (IST)
छतरपुर(राजेश चौरसिया): जिले के बिजावर जनपद पंचायत में पदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) अंजना नागर पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई सागर संभाग के कमिश्नर द्वारा कलेक्टर छतरपुर की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। नागर पर वित्तीय अनियमितताओं, प्रशासनिक लापरवाही और अनुशासनहीनता के कई गंभीर आरोप लगे हैं। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जिला पंचायत छतरपुर निर्धारित किया गया है।
●ये हैं मुख्य आरोप
-नंदन फलोद्यान योजना में गड़बड़ी: ग्राम पंचायत अनगौर में बिना काम कराए भुगतान
-मुख्यालय से अनुपस्थित रहना
-वाहन लॉगबुक, POL और टूर डायरी का संधारण नहीं
-ग्राम रोजगार सहायकों को मानदेय का भुगतान लंबित
-बिना आदेश कर्मचारियों की पदस्थापना/संलग्नता
-अनाधिकृत अनुपस्थित कर्मचारी को दोबारा जॉइन कराना
-लोकायुक्त भोपाल में पेशी से अनुपस्थित रहना
-कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं देना
●नियमों का उल्लंघन पाया गया
प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-3 का उल्लंघन माना गया है। इसी आधार पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम-9 के तहत निलंबन आदेश जारी किया गया।
●प्रशासन का सख्त संदेश
इस कार्रवाई को शासन की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। साफ संकेत है कि वित्तीय अनुशासन, जवाबदेही और पारदर्शिता में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

