Punjab Kesari MP ads

मंत्री के भाई और भाजपा नेता ने महिला CEO को दी धमकी, कहा- तेरे दांत तोड़कर जिंदा गाड़ दूंगा

Saturday, Apr 25, 2026-10:59 AM (IST)

भोपाल/आलीराजपुर। मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सत्ता से जुड़े परिवार के सदस्य की दबंगई चर्चा में है। कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई और जनपद पंचायत अध्यक्ष के पति इंदर सिंह चौहान पर महिला सीईओ को धमकाने, अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार भी किया, हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई।

जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला 22 अप्रैल 2026 का है। जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) प्रिया काग दोपहर करीब 3 बजे कार्यालय पहुंचीं थीं। उसी दौरान मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत पहले से विवाहित आवेदकों के आवेदन निरस्त किए जाने को लेकर इंदर सिंह चौहान नाराज हो गए और कार्यालय में विवाद शुरू हो गया।

शिकायत में बताया गया है कि इंदर सिंह चौहान ने गुस्से में महिला अधिकारी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा— “तेरे दांत तोड़ दूंगा, तुझे यहीं जिंदा गाड़ दूंगा, यहां सब मेरी मर्जी से होगा। आरोप है कि वह सीईओ की ओर मारने के लिए भी बढ़े, लेकिन मौके पर मौजूद लेखाधिकारी सावन भिंडे ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाल लिया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रिया काग ने कहा कि वह अपने ही कार्यस्थल पर असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उनका कहना है कि इंदर सिंह चौहान ने न केवल उन्हें धमकाया, बल्कि उनका रास्ता भी रोका और मारने के लिए दौड़े। इस घटना के बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने इंदर सिंह चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 224, 221, 351(2) और 126(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया। एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई।

मामले पर मंत्री नागर सिंह चौहान ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वर्षों से उनका अपने भाई से कोई संबंध नहीं है। वह अलग रहते हैं और अपने काम से मतलब रखते हैं। मंत्री ने साफ कहा कि कानून अपना काम करेगा और जो भी उचित कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। इस घटना के सामने आने के बाद एक बार फिर सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों के परिजनों की कथित दबंगई पर सवाल उठने लगे हैं। विपक्ष भी इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News