ASI ने भाजपा कार्यकर्ता को जड़े 15-20 थप्पड़, कहा- सारी नेतागिरी निकाल दूंगा
Monday, Apr 20, 2026-03:15 PM (IST)
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ASI का भाजपा कार्यकर्ता से मारपीट का वीडियो सामने आया है। वीडियो किसी पुलिस वाले ने शेयर किया है जिसमें में ASI दिनेश तिवारी कार्यकर्ता को एक साथ 15-20 थप्पड़ जड़ते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि इस दौरान कार्यकर्ता कान सुन्न हो गया था। वहीं ASI पीड़ित से कहते हैं कि तेरी सारी नेतागिरी निकाल दूंगा, तुझे जेल भिजवा दूंगा। बताया जा रहा है कि कार्यकर्ता अपने केस की जानकारी लेने आया था।

जानिए क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, रतनपुर के बनियापारा निवासी विनोद जायसवाल 12 अप्रैल को करीब ढाई बजे अपने पुराने केस की जानकारी लेने थाने पहुंचा था। मुलाकात के दौरान विनोद ने ASI दिनेश तिवारी से अपने केस की जानकारी मांगी और जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने का आग्रह किया। इसी बात पर ASI नाराज हो गया और मारपीट शुरू कर दी। विनोद जायसवाल का आरोप है कि, ASI ने गाली-गलौज करते हुए 15-20 थप्पड़ जड़ दिए। इस दौरान वहां बाकी स्टाफ भी मौजूद था। मारपीट के दौरान ASI ने धमकी भी दी कि तू कितना बड़ा नेता है, तेरी नेतागिरी निकाल दूंगा, तुझे जेल भिजवा दूंगा। धड़ाधड़ थप्पड़ों की वजह से विनोद का कान सुन्न हो गया। विनोद ने एएसआई पर जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने की एवज में रिश्वत मांगने के आरोप भी लगाए हैं। वहीं खुद को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का रिश्तेदार बताया है।

ASI पर सख्त एक्शन
मामले में वीडियो वायरल होने से पहले ही पीड़ित की शिकायत पर थाना प्रभारी और ट्रेनी आईपीएस अंशिका जैन ने SSP रजनेश सिंह को पूरी जानकारी दी थी। जिस पर SSP ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ASI दिनेश तिवारी को सस्पेंड कर जांच के आदेश दिए थे। वहीं पीड़ित की शिकायत पर ASI के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है। वहीं, अब इस मारपीट का वीडियो भी वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो किसी पुलिसवाले ने ही शेयर किया है।

