20 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ पटवारी को पकड़ा, लोकायुक्त ने की बड़ी कार्रवाई
Thursday, Apr 16, 2026-03:13 PM (IST)
रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यहां एक अधिकारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पटवारी कैलाश वडक्या को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। आरोपी पटवारी ने कृषि भूमि का सीमांकन करने के लिए रिश्वत ली थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रतलाम जिले के सैलाना नगर, ग्राम अडवानिया निवासी फरियादी जितेंद्र पाटीदार पिता ईश्वर लाल पाटीदार ने लोकायुक्त पुलिस से शिकायत की थी कि उनके पिता के नाम पर पांच हेक्टेयर कृषि भूमि का सीमांकन करने के एवज में पटवारी कैलाश वडक्या के द्वारा 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई। लेकिन, बाद में 7 हजार कम कर दिए गए। जबकि 3 हजार उसे समय ले लिए थे। फरियादी ने आरोप लगाया कि बिना रिश्वत दिए उनका काम नहीं किया जा रहा था, जिसके बाद उन्होंने इस मामले की शिकायत लोकायुक्त में दर्ज कराई।
मामले में जांच के बाद आरोप सही पाया गया। इसके बाद योजना बनाकर टीम ने सैलाना तहसील कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई की गई। जैसे ही पटवारी कैलाश वडक्या ने फरियादी से रिश्वत की रकम स्वीकार की, लोकायुक्त टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने उनके कब्जे से 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि भी बरामद कर ली है। उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

