MP से निकलकर राजधानी दिल्ली में लगा बड़े BJP नेताओं का जमावड़ा, पार्टी में बड़े बदलाव का आहट
Friday, Feb 06, 2026-03:27 PM (IST)
(भोपाल): क्या मध्य प्रदेश भाजपा और संगठन में अंदरखाने कुछ और चल रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल इन दिनों दिल्ली के दौरे पर हैं। उनके दिल्ली दौरे के कई मायने निकाले जा रहे हैं। इस दौरे को पार्टी में बड़े बदलाव से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल हेमंत खंडेलवाल ने इस दौरान डिनर डिप्लोमेसी पर जोर दिया और प्रदेश के सभी सांसदों को सहभोज पर बुलाया।
जानकारी ऐसी आ रही है कि उन्होंने सांसदों से संगठनात्मक रणनीति पर मंथन किया है और आगे का रोडमैप भी तैयार किया जा रहा है। सांसदों के साथ डिनर केवल संवाद तक सीमित नहीं था, बल्कि प्रदेश की राजनीति की दिशा और संगठनात्मक रणनीति की ओर नए कदम रखने की भी चर्चा है।
सांसदों के साथ डिनर के निकाले जा रहे साफ मायने
वहीं राजनीति के विशेषज्ञ इस डिनर के अहम और निर्णायक मंथन के मतलब निकाल रहे हैं। दिल्ली में आयोजित यह सहभोज भाजपा नेतृत्व की ओर से एकजुटता और प्रदेश में सक्रियता का संदेश दे रहा है। इस डिनर डिप्लोमेसी से मैसेज देने की कोशिश की जा रही है कि भाजपा एकजुट है और अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर है।
साथ ही विरोधियों को भी संदेश देने की कोशिश की गई है कि मध्य प्रदेश में संगठन पूरी तरह से संकल्पित है। प्रदेश में बीजेपी और संगठन किसी भी राजनीतिक मुकाबले के लिए तैयार है। इस तरह का मैसेज इस सहभोज में देने की कोशिश की जा रही है।
कुछ नेताओं की बदल सकती है भूमिका, हो सकता है बदलाव
इस डिनर डिप्लोमेसी में एक और बात निकलकर सामने आ रही है कि इस दौरे के बाद भाजपा प्रदेश संगठन राजधानी भोपाल में भी समीक्षा बैठकें करेगा । इस दौरान सांसदों से मिले फीडबैक के आधार पर आगे की रणनीति पर काम किया जाएगा। प्रदेश में नेताओं की जिम्मेवारी में भी बदलाव आ सकता है और कुछ परिवर्तन भी किया जा सकता है। प्रदेश में पहले ही 2 मंत्रियों को लेकर विवाद चल रहा है। आशा जताई जा रही है कि इस दिशा में भी कोई काम हो सकता है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भाजपा सांसदों से प्रदेश से जुड़े विषयों और विकास मुद्दों पर भी संसाधन जुटाने की बात कही है। सहभोज में केंद्रीय राज्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद एम. मुरुगन, खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, भोपाल सांसद आलोक शर्मा के साथ ही इंदौर से सांसद शंकर लालवानी के साथ कई सांसदों ने शिरकत की

