BJP में आखिरी वक्त पर बड़ा उलटफेर! तय नाम कटा, निखिल सोनी बने इंदौर OBC मोर्चा नगर अध्यक्ष
Thursday, Jul 09, 2026-02:51 PM (IST)
इंदौरः मध्यप्रदेश के इंदौर में से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नगर अध्यक्ष पद पर निखिल सोनी की नियुक्ति हुई है। खास बात यह है कि इस घोषणा ने सबको चौंका दिया है। दरअसल, नगर अध्यक्ष पद के लिए विजय बिंजवा का नाम लगभग तय माना जा रहा था। लेकिन, नगर भाजपा अध्यक्ष की सलाह से आखिरी समय में समीकरण बदले है। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है।
जानकारी के अनुसार, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने इंदौर समेत तीन जिलों के अध्यक्षों की घोषणा की है। यहां इंदौर नगर अध्यक्ष पद पर निखिल सोनी को नियुक्ति किया गया है। जिससे कई मोर्चा नेताओं को बड़ा झटका लगा है। सूत्रों से पता चला है कि नगर में विजय बिंजवा का नाम लगभग तय माना जा रहा था। उनका नाम पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने ही दिया था, लेकिन आखिरी समय पर नगर भाजपा अध्यक्ष की सलाह पर यू टर्न ले लिया गया। उन्होंने एक नंबर विधानसभा के युवा निखिल सोनी के नाम पर सहमति दे दी।
वहीं, इंदौर नगर अध्यक्ष पद पर निखिल सोनी का नाम सामने आते ही मोर्चा के कई नेताओं को बड़ा झटका लगा है। वे सोनी को अध्यक्ष का गंभीर दावेदार ही नहीं मान रहे थे। यहां तक की उनका नाम भी पैनल में नंबर आठ पर था। सबसे ज्यादा झटका विजय बिंजवा को लगा है। उनका नाम पैनल में सबसे ऊपर था। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय ने उनका नाम प्राथमिकता से दिया था।
बता दें कि एक नंबर विधानसभा में सबसे ज्यादा पिछड़ा वर्ग की आबादी रहती है। इसी वजह से मोर्चे का अध्यक्ष क्षेत्र से ही बनाना था। जिसके चलते नगर भाजपा अध्यक्ष ने निखिल सोनी के नाम पर सहमति दे दी। मंजूरी मिलते ही सोनी के नाम को आगे बढ़ा दिया, जिसके बाद बिंजवा के बजाए सोनी को मौका मिला है।

