Punjab Kesari MP ads

रामदास अठावले का बड़ा दावा, उद्धव ठाकरे गुट के कई विधायक और सांसद NDA में आना चाहते हैं

Tuesday, Jun 23, 2026-07:15 PM (IST)

इंदौर (सचिन बहरानी) : केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने इंदौर दौरे के दौरान महाराष्ट्र की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। अठावले ने दावा किया कि उद्धव ठाकरे गुट के कई सांसद और विधायक एनडीए में शामिल होना चाहते हैं और यदि वे आते हैं तो उनका स्वागत किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में स्वयं उद्धव ठाकरे भी एनडीए का हिस्सा बन सकते हैं।

दरअसल इंदौर पहुंचे केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने मीडिया से चर्चा करते हुए महाराष्ट्र की सियासत पर खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना लगातार कमजोर हो रही है और उनके कई सांसद एवं विधायक एनडीए में आने की इच्छा रखते हैं। अठावले ने कहा कि एनडीए में शामिल होने के लिए रास्ते खुले हैं, लेकिन यहां से जाने का रास्ता बंद है।

उनके मुताबिक महाराष्ट्र में अब उद्धव ठाकरे गुट का जनाधार लगातार घट रहा है और अधिकतर नेता एकनाथ शिंदे के नेतृत्व पर भरोसा जता रहे हैं। वही संजय राउत पर निशाना साधते हुए अठावले ने कहा कि उन्हें केवल बयानबाजी के लिए रखा गया है। वहीं राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना ही बड़ा पदाधिकारी क्यों न हो या फिर किसी प्रभावशाली व्यक्ति का करीबी हो। अठावले ने इस दौरान मोदी सरकार की उपलब्धियों और अपनी पार्टी की आगामी योजनाओं की भी जानकारी साझा की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News