युवक के कमरे में नग्न हालत में मिला MBA छात्रा का शव, ग्रुप में वायरल हुआ आपत्तिजनक वीडियो
Friday, Feb 13, 2026-03:08 PM (IST)
इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र की अंकल गली में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। 25 वर्षीय MBA छात्रा का शव उसके ही क्लासमेट पीयूष धनोतिया के किराए के कमरे से पुलिस ने बरामद किया। युवती 10 फरवरी से लापता थी और उसी रात कॉलेज वॉट्सएप ग्रुप में उसका आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुआ था।
युवती की आखिरी खबर
जानकारी के अनुसार, छात्रा ने अपने पिता और बहन को बताया था कि वह आधार कार्ड ठीक करवाने जा रही है और फिर अपने क्लासमेट पीयूष के साथ बर्थडे पार्टी में जाएगी। वह रात 11 बजे तक लौटने का वादा करके घर से निकली, लेकिन उसके मोबाइल ने काम करना बंद कर दिया और वह घर वापस नहीं आई।
आपत्तिजनक वीडियो का खुलासा
यही रात, कॉलेज के वॉट्सएप ग्रुप पर छात्रा का आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया गया। वीडियो में युवक का चेहरा इमोजी से ढका था जबकि युवती का चेहरा साफ दिखाई दे रहा था। कॉलेज प्रबंधन ने वीडियो हटाया और अगले दिन 11 फरवरी को छात्रा के पिता को बुलाया।
पुलिस कार्रवाई और परिवार का आरोप
परिवार का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआती दिनों में गंभीरता नहीं दिखाई। 12 फरवरी को पुलिस ने युवती के क्लासमेट के कमरे तक पहुँचने की कोशिश की, लेकिन ताला होने के कारण कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार को बदबू की शिकायत मिलने पर पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर युवती का शव बरामद किया।
अभियुक्त की तलाश जारी
पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। परिजन का आरोप है कि आरोपी युवक ने छात्रा के मोबाइल से उसके साथ का वीडियो स्टेटस पर पोस्ट किया और उसे अन्य नंबरों पर भेजा। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।

