लाड़ली बहनों को मंत्री की मंच से धमकी: बोले, सरकारी कार्यक्रम में नहीं आईं तो योजना से बाहर, रिपोर्ट भेजकर नाम कटवा दूंगा!
Friday, Feb 06, 2026-10:06 AM (IST)
सीहोर: प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। उन्होंने मंच से लाड़ली बहनों को चेतावनी दी कि यदि वे सरकारी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुईं, तो उनके लाभों का नाम काट दिया जाएगा। यह मामला सीहोर जिले के इछावर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धामंदा में आयोजित नवीन उपस्वास्थ्य केंद्रों के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान का है..
मंत्री वर्मा ने कहा कि ग्राम धामंदा में 894 लाड़ली बहनों को प्रति माह 1500 रुपये दिए जा रहे हैं। उन्होंने धमकी देते हुए कहा, "एक दिन सबको बुलाओ और यदि कोई नहीं आया, तो उसका नाम रिपोर्ट भेजकर कटवा देंगे। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष करते हुए पूछा कि "क्या बहनों को उनके राज में पैसा मिलता था?" उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से गेंहू भेज रहे हैं और किसानों के खाते में पैसे डाल रहे हैं, फिर भी कुछ लोग इस पर ध्यान नहीं देते।
कार्यक्रम के दौरान राजस्व मंत्री वर्मा ने ग्राम नापलाखेड़ी में 56.09 लाख रुपये की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र और ग्राम धामंदा में 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण किया। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और सुलभ बनाने के लिए लगातार कार्यरत है।
नए स्वास्थ्य केंद्रों और आरोग्य मंदिर के शुरू होने से स्थानीय नागरिकों को प्राथमिक उपचार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएँ, टीकाकरण और विभिन्न जांच-परामर्श सुविधाएँ सीधे अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी।उन्होंने यह भी बताया कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को नि:शुल्क उपचार सुविधा मिल रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली है।

