गणतंत्र दिवस पर बड़ी प्रशासनिक चूक! सम्मान के लिए मंच पर लाइन में खड़ी रही शहीद की पत्नी, अनदेखा करके चलते बने मंत्री जी!
Monday, Jan 26, 2026-08:16 PM (IST)
आगर मामला : मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के दौरान एक बड़ी प्रशासनिक चूक सामने आई। जहां प्रभारी मंत्री मंत्री नागर सिंह चौहान पर शहीद की पत्नी को अनदेखा करने के आरोप लगे हैं। मंत्री नागर सिंह शहीदों के परिजनों का सम्मान कर रहे थे, इसी दौरान यह वाक्य हुआ। हालांकि अधिकारियों ने तुरंत मामले को संभाला और शहीद की पत्नी को सम्मानित करवाया।
हो गई बड़ी प्रशासनिक चूक
गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान आगर मालवा पहुंचे थे। मुख्य समारोह में उन्होंने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इसके बाद शहीदों के परिजनों और लोकतंत्र प्रहरियों के सम्मान का कार्यक्रम शुरू हुआ। इसी दौरान शहीद बद्रीलाल यादव की पत्नी निशा यादव छोटे बच्चे के साथ सम्मान के लिए मंच के पास लाइन में खड़ी रहीं, मंत्री जी उन्हें अनदेखा करते हुए आगे बढ़ गए और लोकतंत्र प्रहरियों के सम्मान में जुट गए। इस पूरे घटनाक्रम ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तत्काल गलती को सुधारा
मौके पर मौजूद नागरिकों और परिजनों ने जब इस चूक की ओर अधिकारियों का ध्यान दिलाया। अधिकारियों को तत्काल अपनी गलती का एहसास हुआ, वे वापस लौटे और शहीद की पत्नी को सम्मानित किया। इस घटना के बाद समारोह स्थल पर प्रशासनिक व्यवस्था और अधिकारियों की लापरवाही को लेकर चर्चाएं होती रहीं।

