अचानक CM हाउस में जुटे सभी मंत्री और BJP नेता, 5 घंटे चली बैठक ने बढ़ाया राजनीतिक सस्पेंस
Friday, Jun 19, 2026-10:32 AM (IST)
रायपुरः छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अचानक हाई लेवल मीटिंग बुलाई। खास बात यह है कि बैठक रायपुर में सीएम निवास में आयोजित की गई। इस दौरान कई मंत्री मौजूद रहे। सूत्रों की मानें तो बैठक लगभग पांच घंटे तक चली। इसके चलते राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर भी तेज रहा। इस बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट के सभी मंत्री और भाजपा संगठन के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
बैठक में सरकार और संगठन के बीच समन्वय सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इससे पहले बैठक के एजेंडे को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है। सरकार की ओर से भी इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया गया है, हालांकि बैठक के बीच मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल को लेकर भी अटकलें लगाई गई। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा थी कि कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव किया जा सकता है। इसके अलावा संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना व्यक्त की गई।
वहीं, बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सत्ता और संगठन के बीच हर तीन महीने में ये बैठक होती है। उन्होंने बताया कि आगामी कार्यक्रमों को लेकर इस बैठक में रणनीति बनाई गई है। मंत्री और विधायकों को उनके दौरों को लेकर जिम्मेदारी दी गई है। प्रभार क्षेत्रों में दौरों को लेकर समीक्षा की गई है। इसके साथ ही उन्होंने मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर कहा कि इसपर बैठक में कोई बात नहीं हुई। इसके अलावा मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि “सब मुस्कुराइए, सब सेफ है और छत्तीसगढ़ सेफ है।” उन्होंने कहा कि सभी तरह की कयास निष्फल है।
हालांकि, देर रात अचानक मुख्यमंत्री निवास में बुलाई गई बैठक को लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन नेताओं ने इसे सत्ता और संगठन के बीच होने वाली नियमित समीक्षा बैठक बताया है।

