रातभर लापता रहे प्रेमी युगल, सुबह नहर किनारे पेड़ से लटके मिले शव, इलाके में सनसनी
Monday, May 04, 2026-01:46 PM (IST)
मुरैना (रोहित शर्मा): मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी युगल ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव नहर किनारे एक आम के पेड़ से लटके हुए मिले, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान योगेश (पुत्र राजेंद्र शर्मा, उम्र लगभग 22 वर्ष) और अंजली प्रजापति (उम्र 29 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों छत्तर पुरा, मौजा देवगढ़ के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि प्रेमी युगल बीती रात अपने घरों से अचानक लापता हो गए थे, जिसके बाद सुबह ग्रामीणों ने उनके शव पेड़ से लटके हुए देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों पिछले करीब 3 साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे और एक ही गांव के रहने वाले थे। आशंका जताई जा रही है कि सामाजिक या पारिवारिक दबाव के चलते दोनों ने यह कदम उठाया हो, हालांकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
यह घटना देवगढ़ थाना क्षेत्र के छत्तर का पुरा गांव की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की सच्चाई सामने आ सके। इस घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

