जाते-जाते भी डरा रहा मानसून… विदाई से पहले MP के इन जिलों में होगी भीषण बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट
Monday, Sep 15, 2025-12:45 PM (IST)

भोपाल: मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर से जोरदार दस्तक दी है। मौसम विभाग (IMD भोपाल) ने 15 से 17 सितंबर तक प्रदेश के 33 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खास बात यह है कि राजस्थान से मानसून की विदाई की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है, लेकिन एमपी में यह जाते-जाते भी लोगों को खूब भिगो रहा है।
तीन दिन का येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर में बने लो-प्रेशर एरिया और राजस्थान-पाकिस्तान की तरफ बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन से मानसून एक्टिव हुआ है। इसी कारण प्रदेश में अगले तीन दिन तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।
किन-किन जिलों में अलर्ट?
मध्य और पश्चिमी MP में भोपाल, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, मंदसौर, नीमच और आगर में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। उत्तर और उत्तर-पूर्व MP में ग्वालियर, शिवपुरी, अशोकनगर, गुना, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकला, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पूर्व और दक्षिण MP में जबलपुर, पन्ना, कटनी, नरसिंहपुर, दमोह, सागर, छतरपुर, रीवा, सतना, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, सीधी, अनूपपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा और सिवनी में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक निचले इलाकों में जलभराव देखा जा सकता है, सड़कें डूब सकती हैं, यातायात प्रभावित होगा। भारी बारिश का असर किसानों पर भी हो सकता है। कटाई-बुवाई वाले क्षेत्रों में फसलों को नुकसान की आशंका है, साथ ही बिजली और आंधी का भी खतरा मंडरा रहा है।
अब तक का मानसून रिकॉर्ड
1 जून से 30 सितंबर तक औसतन 949.5 मिमी बारिश होती है, जबकि इस बार अब तक 1067.2 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। यानी सामान्य से करीब साढ़े 4 इंच ज्यादा।
विदाई का इंतजार लंबा
14 सितंबर से मानसून की विदाई प्रक्रिया शुरू होने की बात कही गई थी। लेकिन लगातार सक्रिय सिस्टम के चलते अब विदाई टल गई है। प्रदेशवासियों को मानसून से निजात के लिए अभी और इंतजार करना होगा।