Punjab Kesari MP ads

नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव की तारीखों का ऐलान! पंचायतों में भी EVM से होगी वोटिंग, इस दिन आएगा रिजल्ट

Monday, Aug 31, 2026-08:12 PM (IST)

भोपाल। मध्यप्रदेश में खाली पड़े नगरीय निकाय और पंचायत पदों को भरने के लिए उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक 29 सितंबर को मतदान कराया जाएगा, जबकि अलग-अलग पदों के लिए मतगणना और परिणाम की प्रक्रिया अक्टूबर के पहले सप्ताह में पूरी होगी। खास बात यह है कि पंचायत उपचुनाव में भी EVM के जरिए मतदान कराया जाएगा। चुनावी कार्यक्रम जारी होने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज हो जाएंगी। नामांकन की प्रक्रिया 8 सितंबर से शुरू होकर 15 सितंबर तक चलेगी। 16 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 18 सितंबर को उम्मीदवारों के नाम वापस लेने की अंतिम तारीख होगी। इसी दिन प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे।

29 सितंबर को मतदान, अलग-अलग समय पर वोटिंग

नगरीय निकायों में मतदाता सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। पंचायत क्षेत्रों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।पंचायतों में पंच पद के लिए वोटों की गिनती मतदान खत्म होने के बाद उसी मतदान केंद्र पर की जाएगी। वहीं सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य पदों की मतगणना 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से होगी। जिला पंचायत सदस्य और पंच पदों के परिणाम 5 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे घोषित किए जाएंगे।

इन प्रमुख पदों पर होगा चुनाव

उपचुनाव में नगरीय निकायों के साथ पंचायत स्तर के बड़ी संख्या में रिक्त पद शामिल हैं।

3 नगरीय निकाय अध्यक्ष पद
26 पार्षद पद
7 जिला पंचायत सदस्य
28 जनपद पंचायत सदस्य
110 सरपंच पद
4090 पंच पद

अध्यक्ष पद के लिए सुसनेर, टीकमगढ़ और कुक्षी में चुनाव होगा। इसके अलावा प्रदेश के अलग-अलग नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषद क्षेत्रों में पार्षद पदों के लिए भी मतदान कराया जाएगा।

इन शहरों के वार्ड भी चुनावी मैदान में

नगरीय निकाय उपचुनाव में इंदौर नगर निगम के वार्ड 58 और 60, ग्वालियर नगर निगम के वार्ड 5, सागर के वार्ड 11, कटनी के वार्ड 41, खंडवा के वार्ड 34 और अन्य निकायों के रिक्त वार्ड शामिल हैं।

नगर पालिका और नगर परिषद स्तर पर टीकमगढ़, दमोह, इटारसी, मुलताई, दतिया, कोतमा, आष्टा, विदिशा समेत कई क्षेत्रों में पार्षद पदों के लिए उपचुनाव होगा। वहीं फूफ, चाकघाट, लोहारदा, कोटर, जैतवारा, सिलवानी, बड़ौदा, बरघाट, कसरावद, पिपलिया मंडी, निवाली बुजुर्ग और कुक्षी की नगर परिषदों के रिक्त वार्ड भी चुनावी प्रक्रिया में शामिल हैं।

पंचायतों में हजारों पद खाली

पंचायत उपचुनाव का दायरा भी काफी बड़ा है। प्रदेश में 7 जिला पंचायत सदस्य, 28 जनपद पंचायत सदस्य, 110 सरपंच और 4090 पंच पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। यानी सितंबर के अंत में होने वाला यह उपचुनाव नगरीय निकायों से लेकर गांव की पंचायतों तक राजनीतिक हलचल बढ़ाने वाला है। 8 सितंबर से शुरू होने वाली चुनावी प्रक्रिया 5 अक्टूबर को परिणाम घोषित होने के साथ पूरी होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News