जिला पंचायत अध्यक्ष की कार हादसे का शिकार, अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त; मची अफरा-तफरी
Tuesday, Sep 01, 2026-03:25 PM (IST)
CG desk: छत्तीसगढ़ राज्य के नगर सिमगा के पास नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसे की सूचना मिली है। यहां मंगलवार को जांजगीर-चांपा जिला पंचायत अध्यक्ष की कार दुर्घटनाग्रस्त हुई है। बताया गया कि कार अनियंत्रित होकर पलटी है। सड़क पर गाय को बचाने के चक्कर में यह हादसा हुआ है। घटना में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष की जान बाल-बाल बची है।
जानकारी के अनुसार, यह सड़क दुर्घटना सिमगा के पास नेशनल हाईवे पर हुई है। जहां मंगलवार सुबह करीब 11.45 बजे एक कार अनियंत्रित होकर पलटी है। हादसे के दौरान कार में जांजगीर-चांपा जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता मिरी समेत चालक सवार था। बताया गया कि वह रायपुर से जांजगीर-चांपा लौट रहे थे। इसी बीच सड़क पर कार के सामने एक गाय आ गई। इसी दौरान कार चालक ने गाय को बचाने की कोशिश की गई। लेकिन, उसने कार पर से नियंत्रण खो दिया। तभी कार सड़क मार्ग पर पलट गई।
राहत की बात यह रही कि हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अध्यक्ष को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई है और वह पूरी तरह सुरक्षित बताई जा रही हैं। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना में गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना का जायजा लिया है।

