गुना में सांसद मार्च: सोनम वांगचुक के समर्थन और पेपर लीक के विरोध में सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी, सिंधिया कार्यालय का किया घेराव
Tuesday, Jul 21, 2026-10:37 AM (IST)
गुना (मिसबाह नूर): लद्दाख के प्रख्यात पर्यावरणविद् और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक के समर्थन तथा देश में लगातार हो रहे पेपर लीक के विरोध में गुना की सड़कों पर विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। सिविल सोसाइटी के बैनर तले एकजुट हुए छात्रों और आम नागरिकों ने नगरपालिका कार्यालय से लेकर स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के संसदीय कार्यालय तक एक शांतिपूर्ण 'सांसद मार्च' निकाला।

दिल्ली में आयोजित 'संसद मार्च' की तर्ज पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान शहर में मानव श्रृंखला बनाई गई और जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारी अपने हाथों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग से जुड़ी तख्तियां लिए हुए थे। रैली के माध्यम से आंदोलनकारियों ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि वे अपने स्थानीय जनप्रतिनिधि के जरिए संसद तक युवाओं और नागरिकों की आवाज पहुंचाना चाहते हैं। सांसद कार्यालय पहुंचने पर सिविल सोसाइटी की ओर से लोकेश शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मार्च का उद्देश्य घेराव करना नहीं, बल्कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचाना है। शर्मा ने कहा कि पेपर लीक जैसी गंभीर समस्याओं के कारण देश का छात्र वर्ग भारी मानसिक तनाव से गुजर रहा है और युवाओं की इस आवाज को दबाने के प्रयासों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए जल्द से जल्द सख्त कदम उठाने का आग्रह किया।

