योग करते-करते MP के दिग्गज मंत्री की बिगड़ी तबीयत, कार्यक्रम में मचा हड़कंप
Sunday, Jun 21, 2026-03:01 PM (IST)
राजगढ़। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजगढ़ के स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री नारायण सिंह पंवार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मंत्री योगाभ्यास कर रहे थे, तभी अस्वस्थ महसूस होने पर उन्हें बीच कार्यक्रम से उठकर मंच के पीछे ले जाया गया, जहां स्टाफ और सहयोगियों ने उन्हें सहारा देकर बैठाया।
जानकारी के अनुसार मंत्री पंवार पिछले कुछ दिनों से टाइफाइड और बुखार से पीड़ित हैं। स्वास्थ्य ठीक न होने के बावजूद उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित होकर योग दिवस के आयोजन में भागीदारी निभाई और अन्य लोगों के साथ योगासन भी किए। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आराम करने की सलाह दी गई।
हालांकि अस्वस्थता के बावजूद मंत्री पंवार ने कार्यक्रम को बीच में नहीं छोड़ा और पूरे आयोजन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। उनकी स्थिति में सुधार होने पर कार्यक्रम की औपचारिकताएं पूरी की गईं।
इधर कार्यक्रम समाप्त होने के कुछ ही देर बाद मौसम ने भी करवट ले ली। अचानक तेज हवा चलने से आयोजन स्थल पर लगाया गया विशाल टेंट गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि टेंट गिरने के समय अधिकांश लोग कार्यक्रम स्थल से निकल चुके थे, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
योग दिवस के आयोजन में मंत्री की खराब सेहत और कार्यक्रम के अंत में मौसम की मार चर्चा का विषय बनी रही। पूरे घटनाक्रम ने एक ओर मंत्री की कर्तव्यनिष्ठा को सामने रखा, तो दूसरी ओर आयोजन स्थलों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए।

