तहसील में पटवारी 30 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई
Wednesday, Feb 18, 2026-02:39 PM (IST)
मंदसौर: मध्य प्रदेश में रिश्वतखोरी के मामलों ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरी हैं। उज्जैन लोकायुक्त ने 18 फरवरी को सुवासरा तहसील में पटवारी हरीश पाटीदार को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
आवेदक दिनेश चंद्र जोशी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके भाई भगवती प्रसाद के नाम पर दर्ज कृषि भूमि का नामांतरण उनके दत्तक पुत्र आनंद जोशी के नाम करना है।
हल्का पटवारी हरीश पाटीदार ने नामांतरण के एवज में 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। लोकायुक्त ने शिकायत का सत्यापन कर कार्रवाई करते हुए पटवारी को 30 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया।
आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। यह मामला एक बार फिर दर्शाता है कि मध्य प्रदेश में लोकायुक्त भ्रष्टाचार के खिलाफ शून्य सहनशीलता नीति पर सख्ती से काम कर रहा है।

