Punjab Kesari MP ads

बुधनी में सूखने लगी धान की फसल, किसानों ने कलेक्टर से मांगा कोलार डैम का पानी; 2 दिन का अल्टीमेटम

Thursday, Oct 08, 2026-02:48 PM (IST)

बुधनी (अमित शर्मा): बुधनी विधानसभा क्षेत्र की रेहटी तहसील में कम बारिश के चलते धान की फसल पर संकट मंडराने लगा है। खेतों में पानी की कमी के कारण धान की फसल सूखने लगी है, जिससे किसान चिंतित हैं। फसल को बचाने के लिए किसानों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कोलार डैम से नहर में पानी छोड़े जाने की मांग की है।

रेहटी तहसील के ग्राम मकोड़िया, नीमखेड़ी, मोगरा और इटारसी सहित आसपास के गांवों के किसान अपनी समस्या लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। किसानों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए धान की फसल की सिंचाई के लिए नहर में पानी छोड़ने की मांग की। किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर बालागुरू के. ने नहर विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

किसानों का कहना है कि वर्तमान में खरीफ फसल का सीजन चल रहा है और रेहटी क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसानों ने धान की फसल लगाई है। लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण खेतों में पानी की कमी हो गई है। सिंचाई के अभाव में धान की फसल सूखने लगी है, जिससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है।

किसानों के मुताबिक क्षेत्र में जल संकट के चलते ट्यूबवेल और अन्य सिंचाई के साधनों से भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। ऐसे में कोलार डैम से नहर में पानी छोड़ा जाना ही फसल को बचाने का सबसे बड़ा सहारा है। वहीं किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर नहर में पानी नहीं छोड़ा गया और उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई, तो बड़ी संख्या में किसान कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News