भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई! पंचायत सचिव रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, ठेकेदार भी पकड़ा गया

Monday, Mar 16, 2026-06:06 PM (IST)

उज्जैन (विशाल सिंह) : उज्जैन में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पंचायत सचिव और उसके साथी ठेकेदार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पंचायत सचिव ने निर्माण कार्यों की राशि स्वीकृत करने के बदले सरपंच से 45 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।

PunjabKesari

लोकायुक्त निरीक्षक दीपक सेजवार के अनुसार ग्राम बोरदा मांडा के सरपंच राजेश चतुर्वेदी ने 12 मार्च को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि ग्राम पंचायत में करवाए गए निर्माण कार्यों की भुगतान राशि स्वीकृत करने के लिए पंचायत सचिव दरबार सिंह राठौड़ 45 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। सरपंच ने यह भी बताया कि सचिव पहले ही 15 हजार रुपए ले चुका है और बाकी राशि की लगातार मांग कर रहा है।

शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने सोमवार को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। डीएसपी राजेश पाठक के नेतृत्व में टीम ने कायथा थाने के पास जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार सरपंच ने अपनी कार में पंचायत सचिव को 30 हजार रुपए दिए। सचिव ने यह रकम लेकर तुरंत अपने साथी ठेकेदार कमल बंजारा को दे दी।

PunjabKesari

इसी दौरान पहले से घात लगाए लोकायुक्त दल ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई। फिलहाल लोकायुक्त पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News