Punjab Kesari MP ads

राजेंद्र भारती की नाराजगी की चर्चाओं के बीच जीतू पटवारी पहुंचे घर, बंद कमरे की बैठक से गरमाई राजनीति

Monday, Jul 27, 2026-05:51 PM (IST)

दतिया (नवल यादव): मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के अंतिम चरण के प्रचार के बीच कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की चुनावी सक्रियता को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और वरिष्ठ नेता अवधेश नायक ने राजेंद्र भारती के निवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। करीब एक घंटे तक चली बंद कमरे की इस बैठक के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि कांग्रेस इसे संगठनात्मक संवाद बता रही है।

दतिया विधानसभा उपचुनाव के अंतिम चरण के चुनाव प्रचार के बीच कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की चुनावी गतिविधियों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं लगातार तेज होती जा रही हैं। प्रचार अभियान के दौरान वे पार्टी के सार्वजनिक कार्यक्रमों और मंचों से दूरी बनाए हुए नजर आए, जिसके बाद उनकी नाराजगी की अटकलें भी लगाई जाने लगीं।

इसी क्रम में सोमवार दोपहर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अवधेश नायक, राजेंद्र भारती के निवास पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बंद कमरे में चर्चा हुई। हालांकि बैठक समाप्त होने के बाद किसी भी नेता ने बातचीत के विषय पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी।

सूत्रों के अनुसार, उपचुनाव के निर्णायक दौर में कांग्रेस संगठन सभी नेताओं को एकजुट रखने और संभावित मतभेदों को दूर करने की कोशिश में जुटा है। वहीं राजेंद्र भारती ने स्पष्ट कहा कि वे हर परिस्थिति में कांग्रेस के साथ रहे हैं और आगे भी पार्टी के हित में कार्य करते रहेंगे।

चुनाव प्रचार समाप्त होने से ठीक पहले हुई इस मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को और तेज कर दिया है। कांग्रेस इसे सामान्य संगठनात्मक प्रक्रिया बता रही है, लेकिन चुनावी माहौल में इस बैठक के अलग-अलग राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News