कीचड़ से जूते बचाने के लिए बुजुर्ग की पीठ पर सवार होकर पटवारी ने पार किया नाला, हुआ सख्त एक्शन
Wednesday, Sep 09, 2026-03:40 PM (IST)
सीधी : सीधी जिले की ग्राम पंचायत माटा के हल्का क्षेत्र से एक शर्मनाक और अमानवीय मामला सामने आया है। यहां नाला पार करने के लिए एक पटवारी 65 वर्षीय बुजुर्ग की पीठ पर सवार नजर आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पटवारी को निलंबित कर दिया है। कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश पर अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय ग्राम माटा पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं।
क्या है मामला
नाला पार करते समय पटवारी नीलेश नामदेव बुजुर्ग ललबा केवट की पीठ पर सवार हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि संभवतः पटवारी अपने जूते खराब होने से बचाने के लिए बुजुर्ग की पीठ का सहारा लेकर नाला पार कर रहा था। घटना की तस्वीर सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। लोगों का कहना है कि 65 वर्षीय बुजुर्ग से इस तरह का व्यवहार करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। ग्रामीणों द्वारा जनसुनवाई में दी गई शिकायतों में शासकीय पट्टा, पीएम किसान सम्मान निधि, जाति एवं जन्म प्रमाण पत्र आदि के संबंध में सेवा शुल्क मांगे जाने का उल्लेख किया गया है। मामले में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गोपद बनास प्रिया पाठक द्वारा पटवारी हल्का माटा नीलेश नामदेव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रथम दृष्टया असंवेदनशील एवं अपमानजनक व्यवहार पाए जाने पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत यह कार्रवाई की गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

