AI से बनाए अश्लील फोटो, फिर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का गंदा खेल! 11वीं छात्रा ने दी जान
Friday, May 15, 2026-06:29 PM (IST)
भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। ऐशबाग इलाके में 11वीं कक्षा की छात्रा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि दो युवक सोशल मीडिया से छात्रा की तस्वीरें लेकर AI की मदद से अश्लील फोटो तैयार कर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहे थे। आरोपी कथित फोटो वायरल करने और बदनाम करने की धमकी देकर छात्रा पर दबाव बना रहे थे।
परिवार का कहना है कि छात्रा लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना झेल रही थी। आरोपी स्कूल आते-जाते उसका पीछा करते थे और मिलने का दबाव बनाते थे। परिजनों के मुताबिक, छात्रा की आरोपियों से कभी सीधी मुलाकात तक नहीं हुई थी और उसकी तस्वीरों को एडिट कर फर्जी अश्लील फोटो बनाए गए थे।
घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। छात्रा ने छोटी बहन को सामान लाने के बहाने बाहर भेजा और कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। बहन जब वापस लौटी तो छात्रा को फंदे पर लटका देख परिवार को सूचना दी। परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। ऐशबाग थाना टीआई संदीप पवार के मुताबिक, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को गुस्साए परिजन शव लेकर ऐशबाग थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। परिवार का आरोप है कि पुलिस को पहले भी आरोपियों की जानकारी दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया।

