राहुल कुली बन सकते हैं लेकिन प्रधानमंत्री नहीं- विजयवर्गीय, कमलनाथ पर भी बरसे कहा- 84 के दंगे की मानसिकता आज इंदौर में देखी
Saturday, Sep 23, 2023-06:50 PM (IST)

इंदौर(सचिन बहरानी): जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि अपातकाल और 84 के दंगे की मानसिकता आज हमने इंदौर में देखी। घमंडी नाथ का पत्रकारों के साथ किए व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हमारी पांच जन आशीर्वाद यात्रा निकली-आमजन का भरपूर प्यार मिला, दावे के साथ कहता हूं कि इस बार दो तिहाई बहुमत से सरकार बनेगी। सभी ने मोदी और शिवराज सरकार के कार्यों की प्रशंसा की है। देश और प्रदेश में पिछले कुछ समय में बड़े बड़े आयोजन हुए, मोदी ने देश की जनता का आत्म विश्वास बढ़ाया है।
महिला आरक्षण बिल पर कहा कि कांग्रेस और अन्य पार्टियां महिला सशक्तिकरण को लेकर कभी भी निर्णायक स्थिति में नहीं पहुंचे यह हमारे प्रधानमंत्री की कुशल राजनीतिक रणनीति है कि लोकसभा में भी लगभग सर्वानुमति हुई। राज्यसभा में तो सर्वानुमति से पास हुआ था राजनीतिक रणनीति है और विपक्ष को भी बाहर निकालने के बाद भले कुछ भी लगता है कि वास्तव में देश का नेता यही है और इसीलिए विपक्ष भी उन्हें अपना नेता मानता है।
महिला सशक्तिकरण हो या किसान का विकास हो सभी में प्रदेश की शिवराज सरकार काम कर रही है। प्रदेश की जीडीपी, औद्योगिक विकास दर बढ़ी है, निवेश करने के लिए खुद कंपनियां आगे आ रही हैं। जन आशीर्वाद यात्रा में यह बात लोगों ने महसूस की है। कृषि विकास दर छः गुना बढ़ी है। ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था बढ़ी है। दावे के साथ कह सकते हैं कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बन रही है। इससे कांग्रेस की बौखलाहट बढ़ गई है। आज का कमलनाथ का कृत्य इसी का परिचायक है।
विजयवर्गीय ने आगे कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा को जनता का भरपूर आशीर्वाद मिला है। कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा में उन्हीं का आक्रोश नजर आया। कमलनाथ युवा है तभी पत्रकारों का अपमान कर रहे हैं। मालवा निमाड़ के साथ चंबल ग्वालियर में भाजपा की आंधी है। वहीं भारत इंडिया को लेकर कहा कि कभी भाजपा ने कुछ नहीं कहा लेकिन देश के लोगों का मानना है कि इंडिया अंग्रेजों का दिया हुआ शब्द है, भारत लिखा जाना चाहिए। मोदी के मन में एम पी और एम पी के मन में मोदी है, प्रदेश को कई सौगात दी है, उम्मीद है 25 को फिर कुछ मिलेगा। मैंने अपना आखिरी चुनाव महू से लड़ा था अब चुनाव नहीं लड़ूंगा लेकिन यदि पार्टी का आदेश हुआ तो पीछे नहीं हटूंगा।
गंगाजल की बॉटल को भी राजनीति में लाकर कांग्रेस गंदी राजनीति कर रही है। सनातन परंपरा को कोई खत्म नहीं कर सकता, लॉर्ड मैकाले के भाषण का कांग्रेस अनुसरण कर रही है। सनातन पर दिए बयान पर कांग्रेस की और से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है जो दुर्भाग्यपूर्ण है। मोदी के नेतृत्व में कभी सनातन धर्म खत्म नहीं हो सकता। राहुल कुली बन सकते है लेकिन देश के प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हैं।