Rain Alert: 48 घंटे बाद Rain के साथ लौटेगी ठंड, इन जिलों में बूंदाबांदी के आसार
Saturday, Jan 24, 2026-11:35 AM (IST)
भोपाल। राजधानी भोपाल सहित मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। वसंत ऋतु के असर से बीते कुछ दिनों में ठंड के तेवर नरम पड़े हैं, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटों के भीतर बारिश के साथ ठंड की वापसी के संकेत मिल रहे हैं।
शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 6.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री तक पहुंचने से दिन में हल्की गर्माहट महसूस की गई। सुबह से ही आसमान साफ रहा और पतझड़ी मौसम का अहसास हुआ, हालांकि ठंडी हवाओं की कमी साफ नजर आई।
मौसम वैज्ञानिक वहीद खान के अनुसार हवा की दिशा उत्तर से बदलकर दक्षिण-पश्चिम हो गई है, जिसके चलते रात के तापमान में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश में हवाओं की गति करीब 14 किलोमीटर प्रति घंटे रही, लेकिन इनमें पहले जैसी ठंडक नहीं थी।
26 जनवरी से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि 26 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से 27 और 28 जनवरी को भोपाल सहित प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है। बादल छाए रहने से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
दिल्ली से ग्वालियर तक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विशेषज्ञ आरएस परिहार के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल दिल्ली से ग्वालियर के बीच सक्रिय है और जल्द ही बुंदेलखंड की ओर बढ़ेगा। इसके असर से छतरपुर सहित आसपास के जिलों में बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं। अगले दो दिनों तक बादल छाए रहने के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
दो दिन बाद फिर बढ़ेगी ठंड
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शनिवार से हवाओं का पैटर्न दोबारा बदल सकता है, जिससे रात के तापमान में गिरावट आएगी और ठंड एक बार फिर लौट सकती है। फिलहाल लोग वसंत की हल्की नरमी का आनंद ले रहे हैं, लेकिन जल्द ही ठंड और बारिश दोनों चौंका सकते हैं।

