भाजपा नेता व टीआई के बेटे खिला रहे थे जुआ, पुलिस ने मारा छापा

Thursday, Feb 26, 2026-11:01 AM (IST)

राजगढ़: मध्यप्रदेश के राजगढ़ में जुए के बड़े अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली थाने की पुरानी बिल्डिंग के खंडहर क्वार्टर में राजनीतिक संरक्षण में लंबे समय से चल रहे जुए पर एसपी अमित सुरेश तोलानी की स्पेशल टीम ने छापा मारा। इस कार्रवाई में कोतवाली टीआई की टीम के साथ मिलकर 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है। छापे के दौरान मौके से 5 मोटरसाइकिल, 12 मोबाइल फोन और नकद 24,700 रुपए बरामद किए गए। वहीं, कुल जब्ती करीब 4 लाख 74 हजार 400 रुपए बताई जा रही है।

खंडहर क्वार्टर में चल रहा था जुए का अड्डा

जानकारी के अनुसार, यह जुआ फड़ लंबे समय से सक्रिय था। मामला एसपी के संज्ञान में आने के बाद विशेष टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुराना महल क्षेत्र स्थित कोतवाली थाने की पुरानी बिल्डिंग के एक क्वार्टर में, पानी की टंकी के पास जुआ चलाया जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने दबिश देकर मौके से 12 आरोपियों को पकड़ लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस जुए का संचालन राहुल पिता गोपालसिंह चौहान, निवासी राजगढ़ कर रहा था। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी, पूर्व भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष और राजगढ़ में पूर्व टीआई रह चुके चौहान का बेटा है।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

दरयाबसिंह (झंझाडपुर), शकील (पुरोहित मोहल्ला, राजगढ़), अभयसिंह (फूटा तलाब, कालीपीठ), अमरलाल (झंझाडपुर), पर्वतसिंह (लालपुरिया), पप्पू (कंवरपुरा), दरियाबसिंह (नलखेड़ा), धीरप (कालाखेत, राजगढ़), फुजेल (पुरा मोहल्ला, राजगढ़), जुबेर उर्फ बिट्टू (पीटी कंपनी, राजगढ़), फरीद (भंडारा गली, राजगढ़) और विशाल।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

एसपी के निर्देश पर एसडीओपी अरविंद सिंह, टीआई मंजू माखेनिया, एसआई मनमोहन सिंह सहित प्रधान आरक्षक खेमेंद्र सिंह खींची, कुलदीप कुंभकार, जयप्रकाश, राजेंद्र मीना, दिलीप मीना, अंतिम सोलंकी, विवेक पाटिल, ललित तोमर और पवन मीना की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और जुए से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News