जवान विधवा भाभी को देख ननदोई की डोली नीयत, नींद की गोलियां खिलाकर किया दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाएं
Thursday, Jun 25, 2026-05:38 PM (IST)
ग्वालियर (अंकुर जैन) : ग्वालियर के माधौगंज थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पति की मौत के बाद ससुराल में रह रही 32 साल की विधवा महिला को ननदोई ने खाने में नींद की गोली देकर बेहोश किया और दुष्कर्म किया। आरोपी ने अश्लील वीडियो बनाकर दो महीने तक ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण किया। पीड़िता ने ननदोई के साथ सास-ससुर पर प्रताड़ना का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल पीड़िता माधौगंज थाना क्षेत्र के लकड़खाना इलाके की रहने वाली है। उसकी शादी साल 2017 में हुई थी। जुलाई 2024 में सड़क हादसे में पति की मौत हो गई। पति के जाने के बाद वह अपने बच्चे के साथ ससुराल में ही रहने लगी। पीड़िता का आरोप है कि 3 नवंबर 2024 की रात ननदोई आकाश ने उसके खाने में नींद की गोली मिला दी। गोली खाने के बाद महिला बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में आरोपी कमरे में घुसा और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने मोबाइल से अश्लील वीडियो भी बना लिया। सुबह होश आने पर महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने वीडियो दिखाकर धमकाना शुरू कर दिया।

आकाश ने कहा कि अगर उसने किसी को बताया तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। साथ ही उसके पिता को झूठे केस में फंसा देगा और बच्चे को मारकर उसे संपत्ति से बेदखल कर देगा। इस धमकी से डरी महिला चुप रही। पीड़िता ने बताया कि ननदोई के शोषण के साथ-साथ सास गिरजा और ससुर नारायण भी उस पर अत्याचार करते थे। दोनों उसे आए दिन मारपीट करते थे। ननदोई के ब्लैकमेल और सास-ससुर की प्रताड़ना से तंग आकर वह आखिरकार मायके चली गई। परिजनों को पूरी आपबीती बताने के बाद उसने माधौगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयान और मेडिकल के आधार पर आरोपी ननदोई आकाश के खिलाफ दुष्कर्म और ब्लैकमेल की धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं ससुर नारायण और सास गिरजा के खिलाफ प्रताड़ना की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस अब तीनों आरोपियों की तलाश कर रही है। महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और बयान दर्ज किए गए हैं।

