साड़ी में ग्रामीण महिलाओं ने कबड्डी और रस्साकशी में दिखाया हुनर, जीती विधायक ट्रॉफी
Saturday, Aug 19, 2023-05:21 PM (IST)
शमशाबाद (धर्मेंद्र प्रजापति): स्थानीय ग्राम बरखेड़ा जागीर में आयोजित विधायक रस्साकशी एवं कबड्डी खेल प्रतियोगिता में स्वसहायता समूह की महिलाओं ने बड़े ही उत्साह से सहभागिता की। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक रुद्र प्रताप सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं कन्याओं का पूजन कर किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि आज बरखेड़ा जागीर में ऐतिहासिक दिन है। आज हमारी स्वसहायता समूह की माता बहने चूल्हे चौके एवं घूंघट से बाहर निकल कर खेल के मैदान में उतरी हैं। महिलाओं को खेलों से जोड़ने के लिए विधायक कप खेल प्रतियोगिताएं जगह जगह पर आयोजित हो रही हैं। ऐसे खेल आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें आप लोग आसानी से सहभागिता कर सको।

हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं के लिए जो सपने देखें हैं वो पूरे हो रहे हैं। आज लाड़ली बहना योजना किसी परिचय की मोहताज नहीं है। सभी बहनों को एक एक हजार रुपए हर महीने मिल रहे हैं।
इससे पूर्व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक रुद्र प्रताप सिंह का स्वागत स्थानीय सरपंच तोफान सिंह, स्वसहायता समूह विकास खंड समन्वयक प्रदीप ओझा, शोभा ओझा, संकुल प्राचार्य आशीष सक्सेना, प्राचार्य सोनल शर्मा, प्रधानाध्यापक प्रफुल्ल इक्का, सीआरसी कमल गोयल, अतिथि शिक्षक संघ, युवा नेता जितेंद्र जादौन सहित ग्रामीणों एवं विभागीय स्तर पर खेल समन्वयक हनीफ खान और ज्योति अहिरवार ने किया। स्वसहायता समूह की महिलाओं ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर पूर्व विधायक रुद्रप्रताप सिंह का स्वागत किया।
खेल समन्वयक हनीफ खान ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला खेल अधिकारी प्रदीप रावत के निर्देशन में विधायक कप के प्रथम चरण में बरखेड़ा जागीर क्षेत्र की स्वसहायता समूह की लगभग 550 महिलाओं ने भाग लिया। पूर्व विधायक रुद्रप्रताप सिंह ने सभी टीमों से परिचय प्राप्त कर शुभकामनाएं दीं। रस्साकसी के कस्माकस से भरे मैचों में महिलाओं ने जोर लगा कर हईसा के नारे लगाते हुए जीत के लिए जोर आजमाइश की। अंत में नॉक आउट राउंड के बाद खेले गए मुकाबलों में मोहन स्वसहायता समूह ने प्रथम स्थान, राधारानी स्वसहायता समूह किसनपुर ने द्वितीय स्थान एवं हायर सेकेंडरी स्कूल बरखेड़ा जागीर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल प्रमाण पत्र एवं नगद राशि से सम्मानित किया गया। पूर्व विधायक रुद्रप्रताप सिंह ने भी 5 हजार रुपए का पुरुस्कार अलग से विजेता एवं उपविजेताओं को प्रदान किया। विधायक कप के द्वितीय चरण में 25 अगस्त को ग्राम बिछिया में ओपन कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

