संजय शुक्ला ने एयरपोर्ट के सामने बन रही लोहे की चद्दर की दीवार का किया विरोध, बोले- राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री से हालात छुपाने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण

Sunday, Dec 18, 2022-01:10 PM (IST)

इंदौर(सचिन बहरानी): एरोड्रम के सामने रहने वाले नागरिकों के घर के सामने सड़क के किनारे इंदौर नगर निगम के द्वारा दीवार बनाने का काम किया जा रहा है। निगम के इस फैसले के विरोध में आज क्षेत्र के नागरिक अपने विधायक संजय शुक्ला के नेतृत्व में सडक पर आ गए। इन नागरिकों को संबोधित करते हुए शुक्ला ने कहा कि हमारे देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से सच छुपाने की कोशिश की जा रही है।

PunjabKesari

शुक्ला ने इंदौर के विमानतल के सामने नगर निगम के द्वारा लोहे की चद्दर की दीवार बनाए जाने के फैसले का विरोध किया है। यह फैसला क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों का अपमान है। सरकार के द्वारा 8 से 10 जनवरी तक प्रवासी भारतीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए दुनिया के कई देशों में रहने वाले भारतीय नागरिक इंदौर आ रहे हैं। इन नागरिकों को फील गुड कराने के लिए इंदौर नगर निगम के द्वारा कई काम कराए जा रहे हैं। शहर में विकास के नाम पर लोगों को लज्जित करने का काम किया जा रहा है।

शुक्ला ने कहा कि इस कड़ी में अब नगर निगम के द्वारा एयरपोर्ट के सामने लोहे की चद्दर की दीवार बनाने का फैसला लिया गया है। यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि वहां सामने रहने वाले इन लोगों की तरफ आने वाले अतिथियों की नजर नहीं जाए। निगम के द्वारा लिया गया यह फैसला न केवल गलत है बल्कि वहां रहने वाले लोगों का अपमान है। उन्होंने कहा कि जनता को इस तरह से जलील करने का सिलसिला बंद किया जाना चाहिए।

PunjabKesari

अहमदाबाद का इतिहास दोहरा रहे हैं

शुक्ला ने कहा कि जब अमेरिका के राष्ट्रपति अहमदाबाद की यात्रा पर आ रहे थे। तब वहां पर ऐसी ही व्यवस्था करते हुए लोहे की चद्दर से दीवार बना दी गई थी। उस समय इसके पीछे मकसद यह था कि देश की खराब स्थिति विदेशी राष्ट्रपति के सामने न जाए। इस समय प्रवासी भारतीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए कोई अमेरिका का राष्ट्रपति नहीं आ रहा है। हमारे अपने देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री आ रहे है। ऐसी स्थिति में यहां पर दीवार बनाना उचित नहीं है। यह 6 वर्षों से देश के सबसे स्वच्छ शहर के नागरिकों का अपमान है। इस स्थिति का विरोध करने के लिए विधायक संजय शुक्ला खुद मौके पर पहुंचे। वहां पर नागरिकों और शुक्ला के द्वारा निगम के फैसले का जोरदार तरीके से विरोध किया गया।

सर्विस रोड बनाने का ऐलान

इस आंदोलन के दौरान नगर निगम की ओर से अपर आयुक्त अभय राजन गांव कर मौके पर पहुंचे। उनके साथ जनकार्य विभाग के इंजीनियर अशोक राठौड़ भी मौजूद थे। इस मौके पर नागरिकों के द्वारा उबड़ खाबड़ सर्विस रोड को नया बनाने की मांग की गई। इस मांग को इन अधिकारियों ने तत्काल मौके पर ही मंजूर किया। सड़क पर दीवार के बीच से नागरिकों के द्वारा अपनी आवाजाही के लिए रास्ता मांगा गया। इस पर अधिकारियों के द्वारा कहा गया कि हम विचार करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News