Punjab Kesari MP ads

दतिया की सभा में 1984 का नाम लेते ही क्यों बदल गया माहौल? सिंधिया ने सुनाई ऐसी कहानी जिसने सबको चौंका दिया

Saturday, Jul 25, 2026-04:41 PM (IST)

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए चुनावी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने प्रचार अभियान को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतार दिया है। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बड़ौनी में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में वोट मांगे। अपने संबोधन में उन्होंने विकास, परिवार की विरासत और कांग्रेस सरकार पर हमले तीनों मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

सिंधिया ने भाजपा को केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित विचारधारा बताया। उन्होंने कहा कि इस विचार को मजबूत करने में उनकी दादी राजमाता विजयाराजे सिंधिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और वे स्वयं भी उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।

सभा को भावनात्मक रंग देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे दिल्ली से मंत्री बनकर नहीं, बल्कि दतिया परिवार के सदस्य के रूप में यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले तीन सौ वर्षों में जब भी क्षेत्र पर कोई संकट आया, सिंधिया परिवार हमेशा जनता के साथ खड़ा रहा है। इसी दौरान उन्होंने वर्ष 1984 का एक पुराना प्रसंग साझा करते हुए बताया कि उनके पिता ने उन्हें पहली बार क्षेत्र का भ्रमण करने भेजा था। उस समय गांवों तक पहुंचने के लिए सड़कें नहीं थीं और लोग पगडंडियों के सहारे सफर करते थे, लेकिन आज दतिया की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है।

उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं पर बड़े स्तर पर काम हुआ है। उनके अनुसार ग्रामीण विद्युतीकरण परियोजना के जरिए गांव-गांव तक बिजली पहुंचाई गई, केंद्रीय विद्यालय की स्थापना हुई, पेयजल योजनाओं को गति मिली और दतिया एयरपोर्ट के लिए भी स्वीकृति प्राप्त हुई। साथ ही उन्होंने कहा कि ग्वालियर-भिंड-इटावा फोरलेन परियोजना भी जल्द जमीन पर दिखाई देगी।

रेल सुविधाओं का उल्लेख करते हुए सिंधिया ने कहा कि उनके पिता के प्रयासों से दतिया में ताज एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हुआ था, जबकि अब ताज एक्सप्रेस के साथ झेलम एक्सप्रेस का भी स्टॉपेज मिलने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।

अपने भाषण में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2018 में बनी राज्य सरकार भ्रष्टाचार और जनविश्वास खोने के कारण अधिक समय तक नहीं टिक सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के हितों की अनदेखी के चलते सत्ता परिवर्तन हुआ। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं—प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और लाड़ली बहना योजना—का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

सभा के अंत में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि दतिया के विकास की गति बनाए रखने के लिए भाजपा की जीत आवश्यक है।

कार्यक्रम में मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद संध्या राय, भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, विधायक प्रीतम सिंह लोधी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News