BJP के वरिष्ठ नेता का अचानक निधन, कार्यकर्ताओं में शोक की लहर
Friday, Aug 14, 2026-12:43 PM (IST)
ग्वालियर। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता अभिमन्यु सिंह सेंगर का आज निधन हो गया। उनके निधन की खबर से ग्वालियर के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। वे लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे और गरीब विद्यार्थियों की मदद के साथ-साथ छात्र एवं युवा राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे।
अभिमन्यु सिंह सेंगर का राजनीतिक सफर समाजवादी आंदोलन से जुड़ा रहा। वर्ष 1983 में समाजवादी नेता चंद्रशेखर कन्याकुमारी से राजघाट, दिल्ली तक पदयात्रा पर निकले थे। इस दौरान जब वे ग्वालियर पहुंचे, तब अभिमन्यु सिंह सेंगर सहित शहर के कई लोगों ने पदयात्रियों का स्वागत और सत्कार किया। इसी दौरान वे चंद्रशेखर के संपर्क में आए और उनके विचारों से प्रभावित होकर समाजवादी आंदोलन से जुड़ गए। बाद में चंद्रशेखर के निधन के बाद अभिमन्यु सिंह सेंगर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए और पार्टी के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहे।
वर्ष 1991 में उन्होंने समाजवादी जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में ग्वालियर लोकसभा चुनाव भी लड़ा था। सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में उनकी सक्रियता लंबे समय तक बनी रही। उनके निधन से ग्वालियर के राजनीतिक, सामाजिक और छात्र-युवा क्षेत्र से जुड़े लोगों में शोक की भावना है। लोगों ने उनके निधन को सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

