Punjab Kesari MP ads

डबरा में सनसनीखेज वारदात! पिता-चाचा ने अपनी ही बेटी को फंदे पर लटकाया, मां चिल्ला-चिल्ला कर रही विलाप

Monday, Aug 31, 2026-05:09 PM (IST)

डबरा (भरत रावत ):डबरा से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पिछोर थाना क्षेत्र के पथरियापुरा गांव में पिता और चाचा पर सनसनीखेज आरोप लगा है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर अपनी ही बेटी को फांसी के फंदे पर लटका दिया। इस वारदात के बाद लड़की की मां का रो रोकर बुरा हाल है और वो अपने पति पर आरोप लगा रही है। बदहवास मां पुलिस की मदद से युवती को लेकर डबरा सिविल अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप यह भी है कि आरोपियों ने युवती के छोटे भाई-बहन की भी जान लेने की कोशिश की। शुरुआती जांच में मामला गृह क्लेश और ऑनर किलिंग से जुड़ा बताया जा रहा है।

PunjabKesari

घटना पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम पथरियापुरा की है। मृतका नंदनी यादव की मां सुमन यादव का आरोप है कि उसके पति भगवान सिंह यादव और चाचा संतोष यादव ने मिलकर नंदनी को फांसी के फंदे पर लटका दिया। यही नहीं, आरोपियों ने नंदनी के छोटे भाई और बहन को भी मारने का प्रयास किया। ​वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में नंदनी को सिविल अस्पताल डबरा लाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर पिता भगवान सिंह और चाचा संतोष के खिलाफ जांच शुरू कर दी है और मामले के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। जानकारी देते हुए सौरभ कुमार एसडीओपी ने बताया है की पिछोर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और जांच तेज कर दी है। देखना होगा कि इस ऑनर किलिंग के पीछे की पूरी सच्चाई कब तक सामने आती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News