Punjab Kesari MP ads

सरकार के देर रात आदेश से पुलिस महकमे में हलचल, निमाड़ रेंज को मिली नई कमान

Saturday, Jul 04, 2026-01:04 PM (IST)

खरगोन। मध्य प्रदेश पुलिस प्रशासन में हुए ताजा फेरबदल के तहत निमाड़ रेंज को पहली बार महिला पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) मिलने जा रही हैं। राज्य सरकार द्वारा शुक्रवार देर रात जारी तबादला आदेशों में 2011 बैच की आईपीएस अधिकारी सिमाला प्रसाद को निमाड़ रेंज का नया डीआईजी नियुक्त किया गया है। उनके पदभार ग्रहण करने के साथ ही यह रेंज पहली बार किसी महिला अधिकारी के नेतृत्व में काम करेगी।

सिमाला प्रसाद, 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी सिद्धार्थ बहुगुणा का स्थान लेंगी। बहुगुणा को पांच वर्ष की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) में उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी केंद्रीय नियुक्ति के आदेश पहले ही जारी हो चुके थे, जिसके बाद अब राज्य सरकार ने निमाड़ रेंज में नई नियुक्ति का आदेश जारी किया है।

सिद्धार्थ बहुगुणा ने लगभग ढाई वर्षों तक निमाड़ रेंज का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर दिया गया। अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाने के अलावा एनडीपीएस एक्ट के तहत गांजा तस्करी पर भी प्रभावी कार्रवाई की गई, जिससे कई बड़े मामलों का खुलासा हुआ।

नई डीआईजी सिमाला प्रसाद प्रशासनिक दक्षता और संवेदनशील कार्यशैली के लिए जानी जाती हैं। उनकी नियुक्ति को निमाड़ रेंज के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है। पुलिस महकमे के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों को भी उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ अपराध नियंत्रण और जनविश्वास बढ़ाने की दिशा में प्रभावी पहल देखने को मिलेगी।राज्य सरकार द्वारा किए गए इस प्रशासनिक बदलाव को पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत तथा प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News