Punjab Kesari MP ads

MP के छात्र की दिल्ली में मौत! मलबे में दफन हुआ घर का चिराग, परिजनों को रो-रो कर बुरा हाल

Monday, Sep 07, 2026-05:17 PM (IST)

कटनी (संजीव वर्मा): दिल्ली के साउथ कैंपस क्षेत्र स्थित सत्य निकेतन में रविवार रात हुए दर्दनाक हादसे में कटनी जिले के 19 वर्षीय छात्र अक्षत यादव की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही कटनी स्थित उनके परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दुबे कॉलोनी सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी के मुताबिक, अक्षत यादव कटनी शहर की दुबे कॉलोनी स्थित तुलसी नगर निवासी मानता सिंह यादव के पुत्र थे। वह दिल्ली विश्वविद्यालय में बी.कॉम की पढ़ाई कर रहे थे और उच्च शिक्षा हासिल कर अपने बेहतर भविष्य की तैयारी में जुटे थे। पढ़ाई के सिलसिले में वह दिल्ली में रह रहे थे। परिवार को अक्षत से काफी उम्मीदें थीं।

बताया जा रहा है कि सत्य निकेतन में रविवार रात हुए हादसे के बाद अक्षत को गंभीर हालत में मलबे से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बाद में शवों की पहचान की प्रक्रिया के दौरान अक्षत की शिनाख्त हुई।

अक्षत की मौत की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य दिल्ली पहुंच गए। परिजन उनके पार्थिव शरीर को कटनी लाने की तैयारी में जुटे हैं। बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अक्षत की मौत की खबर से दुबे कॉलोनी और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। रिश्तेदार, परिचित और स्थानीय लोग शोकाकुल परिवार के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News