Punjab Kesari MP ads

बुरहानपुर में अचानक शुरु हुई बारिश बर्बादी में तब्दील, कुछ ही मिनटों में फसलें बर्बाद, टीन-टप्पर उड़े, घरों में भरा पानी,एकदम आया सैलाब

Monday, Jun 01, 2026-08:32 PM (IST)

बुरहानपुर (राजवीर सिंह): नौतपा के 8वें दिन सोमवार शाम बुरहानपुर जिले में मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी-तूफान के साथ हुई जोरदार बारिश ने कुछ ही मिनटों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला और तेज हवाओं के साथ बारिश ने कई क्षेत्रों में तबाही मचाना शुरू कर दिया।

 

PunjabKesari

बारिश के कारण जहां भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली, वहीं दूसरी ओर कई घरों में पानी घुस गया। तेज हवाओं के चलते कई लोगों के टीन-टप्पर उड़ गए, जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। अचानक आई बारिश की वजह से लोग अपने जरूरी सामान भी सुरक्षित स्थानों तक नहीं पहुंचा सके।

बारिश का असर ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिला। जिले के कई इलाकों में केले की फसल को नुकसान पहुंचा है। वहीं कई किसानों के पशुओं के घास-चारे और गौशालाओं में रखा सामान भी भीग गया। तेज बारिश और आंधी के कारण पशुपालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से बुरहानपुर जिला भीषण गर्मी की चपेट में था और तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। सोमवार की बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। विभाग का अनुमान है कि 18 जून के बाद जिले में मानसूनी बारिश की स्थिति और मजबूत हो सकती है।

आज अचानक तेज आंधी तूफान के साथ हुई बारिश ने नेपानगर, घाघरला,हैदरपुर, डाभियाखेड़ा, दूधिया, गोराडिया, नावरा आदि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। लिहाजा इस बारिश ने देखते ही देखते जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News