कर्नाटक के राज्यपाल अचानक पहुंचे नागदा, पत्नी की तबीयत खराब होने पर आए घर
Friday, May 29, 2026-10:23 AM (IST)
उज्जैनः कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत अचानक नागदा पहुंचे है। दरअसल, उनकी पत्नी अनीता गहलोत की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। जिस पर राज्यपाल गहलोत मुंबई से सीधे उज्जैन जिले के नागदा स्थित अपने निवास पहुंच गए। सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल की पत्नी का डॉक्टरों की निगरानी में घर पर ही इलाज चल रहा है। वहीं, कर्नाटक की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर सियासी घमासान चल रहा है। ऐसे में राज्यपाल के नागदा पहुंचने के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर तेज हो गया है।
जानकारी के अनुसार, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत की पत्नी अनीता गहलोत की तबीयत अचानक खराब हुई है। सूत्रों से पता चला है कि अनीता गहलोत को ब्लड प्रेशर संबंधि समस्या हुई है। आनन-फानन में उन्हें एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें घर भेजा दिया है। फिलहाल घर पर ही डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। इधर, पत्नी के अचानक बीमार होने की खबर सुनते ही राज्यपाल थावरचंद गहलोत मुंबई से सीधे उज्जैन में स्थित अपने निवास नागदा पहुंच चुके है। उनकी पत्नी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
उधर, कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के संभावित इस्तीफे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच राज्यपाल के बेंगलुरु नहीं पहुंचने पर भी कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, राज्यपाल के करीबी लोगों का कहना है कि उनका नागदा दौरा पूरी तरह पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी कारणों से है।

