Punjab Kesari MP ads

अचानक दिल्ली पहुंचे CM मोहन यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष से की मुलाकात, मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव की आहट तेज

Tuesday, May 26, 2026-12:46 PM (IST)

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। मुख्यमंत्री यादव ने खुद अपने सोशल मीडिया से इस मुलाकात की जानकारी सांझा की है। राज्य में अटकी हुई निगम मंडल की नियुक्तियां, मंत्रीमंडल विस्तार और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के गठन के बीच इस मुलाकात को सियासी नजरिए से बेहद अहम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर तस्वीर के साथ पोस्ट शेयर करते हुए इस मुलाकात को शिष्टाचार मुलाकात बताया है। लेकिन राजनीतिक सूत्रों की मानें तो ये मुलाकात मंत्रिमंडल विस्तार और राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मध्य प्रदेश के नेताओं को जगह दिलाने को लेकर हुई है।

दरअसल, पिछले कई महीनों से मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें लगाई जा रही है। माना जा रहा है कि मानसून सत्र से पहले मोहन कैबिनेट में बड़ा फेरबदल हो सकता है। इस संभावित फेरबदल में कुछ नए चेहरों को मौका देने के साथ-साथ कुछ अनुभवी नेताओं की वापसी भी हो सकती है। 31 सदस्यीय मंत्रीमंडल में 4 पद खाली हैं।  इसके अलावा कुछ मौजूदा मंत्रियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियां देकर अन्य राज्यों में प्रभारी बनाया जा सकता है, खासकर जहां आगामी चुनाव होने हैं।

सूत्रों के अनुसार इस संभावित फेरबदल में कई वरिष्ठ मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बाहर किया जा सकता है। इनमें कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, दिलीप अहिरवार और राधा रवींद्र सिंह के नाम प्रमुख रूप से चर्चा में हैं। इन मंत्रियों के भविष्य को लेकर राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं कुछ विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल करने की अटकलें हैं।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News