दोस्त ही निकला ''आस्तीन का सांप'', 48 घंटे में कत्ल का खुलासा...
Tuesday, Mar 17, 2026-01:52 PM (IST)
पन्ना (टाइगर खान) : कहते हैं कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के लंबे हाथों से बच नहीं सकता। पन्ना जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र से एक ऐसी ही रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक दोस्त ने ही दोस्ती के रिश्ते को लहूलुहान कर दिया। यहां रूपझिर के जंगलों में एक युवक की क्षत-विक्षत लाश मिलने से हड़कंप मच गया था। पहचान मिटाने के लिए कातिल ने पत्थर से चेहरा इस कदर कुचला था कि शिनाख्त करना नामुमकिन लग रहा था। लेकिन पन्ना पुलिस की मुस्तैदी और CCTV कैमरों की पैनी नजर ने इस 'अंधे कत्ल' की गुत्थी को महज 48 घंटों में सुलझा लिया।

जांच में पता चला कि 19 वर्षीय मृतक करन चौधरी की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके करीबी दोस्त अमर केवट ने की है। दोनों दोस्तों के बीच रात शराब पार्टी के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ और नशे की हालत में अमर ने पत्थर से वार करके करन को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी वारदात के बाद मृतक की पल्सर बाइक और मोबाइल लूटकर फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। आज वह सलाखों के पीछे है।

