सड़क हादसे ने छीनी अनमोल सांसें, एक साथ उठीं दो जिगरी दोस्तों की अर्थियां, अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब
Monday, Mar 02, 2026-08:31 PM (IST)
रायसेन (शिवलाल यादव) : भतीजे के मुंडन संस्कार में शामिल होने निकले दो जिगरी दोस्तों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार को जब दोनों की अर्थियां एक साथ उठीं और पूरेन तालाब वाले श्मशान घाट पर एक साथ दो चिताओं को मुखाग्नि दी गई तो मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई और लोधी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रायसेन शहर के मुखर्जीनगर निवासी 25 वर्षीय राहुल सिंह और उनके जिगरी दोस्त अर्जुन राजपूत सोमवार तड़के स्कूटी से उदयपुरा के धर्मपुरा घाट में आयोजित मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। परिजनों के अनुसार दोनों रविवार रात करीब 12 बजे घर से निकले थे। तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच नोनिया बरेली मोड़ के पास जयपुर-जबलपुर हाईवे पर अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
दोनों की मौके पर ही मौत
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद करीब दो घंटे तक दोनों के शव सड़क किनारे पड़े रहे। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को जिला अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
एक साथ उठीं दो अर्थियां
मंगलवार को जब दोनों दोस्तों की अर्थियां एक साथ उठीं तो मुखर्जीनगर, पटेलनगर समेत पूरे शहर का माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। पूरेन तालाब वाले श्मशान घाट पर दोनों की चिताएं साथ-साथ सजाई गईं और परिजनों ने भारी मन से मुखाग्नि दी। इस दृश्य को देख वहां मौजूद लोग अपने आंसू नहीं रोक सके।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में मुंडन संस्कार की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां मातम छा गया। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि राहुल और अर्जुन बचपन से ही साथ थे। उनकी दोस्ती की मिसाल दी जाती थी। दोनों मेहनती और मिलनसार स्वभाव के थे।
उदयपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। शहरवासियों ने हाईवे पर बढ़ते हादसों को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

