राज्य में भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल! कई जिलों में लू का अलर्ट, 27 मई तक मौसम विभाग ने की ताजा भविष्यवाणी
Saturday, May 23, 2026-09:19 AM (IST)
रायपुरः छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर लगातार जारी है। प्रदेश में लगातार शुक्रवार को चौथे दिन भी भीषण लू का असर बना रहा, जबकि दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी लोगों को बेहाल कर रहा है। हालात ऐसे हैं कि दर्ज तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस की जा रही है। विभाग ने कई जिलों में लू चलने की आशंका जताई है। 27 मई तक गर्मी से राहत के आसार नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे राजधानी रायपुर का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके साथ यह दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में 19वें स्थान पर पहुंच गया। शाम ढलने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिली और रात करीब साढ़े सात बजे रायपुर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस बना रहा, जो सूडान के खार्तूम के बाद उस समय विश्व में दूसरा सर्वाधिक तापमान बताया गया।
इसी दौरान भिलाई और दुर्ग में भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों शहर शाम साढ़े सात बजे दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में क्रमश: 11वें और 18वें स्थान पर रहे। महासमुंद में भी तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार कल राजधानी का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिम दिशा से आ रही शुष्क और गर्म हवाओं के कारण प्रदेश में दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से काफी ऊपर चल रहा है। सुबह आठ बजे से ही गर्म हवाओं का असर शुरू हो जा रहा है तथा दोपहर होते-होते तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच जा रहा है। घरों की छतों पर रखे ओवरहेड टैंकों का पानी तक गर्म हो रहा है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश में आगामी 27 मई तक भीषण गर्मी और लू का प्रभाव जारी रह सकता है। इस दौरान प्रदेश के एक-दो क्षेत्रों में लू चलने की संभावना है तथा दिन और रात के तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।

