लोधी समाज में सरकार बनाने की ताकत, अभी शेर गुफा में तो मक्खियां भी काट रहीं, जिस दिन हुंकार भरेंगे, पूरा जंगल खाली हो जाएगा
Tuesday, Apr 28, 2026-06:09 PM (IST)
(भोपाल): भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने अपने तीखे और बेबाक बयानों से राजनीतिक माहौल गरमा दिया। अपने संबोधन में समाज की एकता और जागरूकता पर जोर दिया। उन्होंने संकेत देते हुए कहा कि समाज की असली ताकत अभी पूरी तरह सामने नहीं आई है।
लोधी समाज की संख्या सरकार बनने की ताकत रखती है-उमा
उन्होंने लोधी समाज की संख्या और राजनीतिक प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि यह समाज सरकार बनाने की ताकत रखता है। अपने संबोधन में उन्होंने समाज के लोगों को जागृत करने के लिए कहा, "अभी तो शेर गुफा में है तो मक्खियां भी काट रहीं हैं। जिस दिन आप हुंकार भरोगे,पूरा का पूरा जंगल खाली हो जाएगा राज करने के लिए।
राजधानी के जम्बूरी मैदान में आयोजित राजा हिरदेशाह लोधी की शौर्य यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री और BJP की फायर ब्रांड नेता उमा भारती ने आरक्षण के मुद्दे को लेकर भी बडी बात बोली है। इस बयान के बाद एक बार फिर हलचल तेज है।
उमा भारती ने हुंकार भरते हुए कहा कि जब तक देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और चीफ जस्टिस के बच्चे सरकारी स्कूलों में एक साथ नहीं पढ़ेंगे, तब तक आरक्षण को खत्म करने की ताकत किसी में नहीं है। उन्होंने कहा कि आरक्षण केवल आर्थिक मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक विषमता को कम करने का एक बड़ा जरिया है। भारतीय समाज सदियों तक जातिगत आधार पर बंटा रहा, जिसे पाटने के लिए आरक्षण अनिवार्य है।
उमा भारती ने कहा कि अब देश को “तीसरी आजादी” की जरूरत है, जो सामाजिक विषमता को खत्म करने के लिए होगी। समानता के अधिकार के लिए तीसरी लड़ाई होगी। राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान पर बुंदेला क्रांति के महानायक शहीद राजा हिरदेशाह लोधी के बलिदान दिवस पर शौर्य यात्रा के तहत आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, पंचायत मंत्री प्रह्लाद पटेल, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे, पिछोर विधायक प्रीतम लोधी, बंडा विधायक विरेंद्र सिंह लमबरदार, विधायक राम सिया भारती, बरगी विधायक नीरज सिंह ठाकुर, लोधी लोढ़ा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जालम सिंह पटेल के साथ ही बड़ी संख्या में लोधी-लोधा समाज के लोगों ने अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई।

