छतरपुर के सिंघम बनेंगे नए SP, पद संभालते ही गुंडो ,बदमाशों को कड़ी चेतावनी,आते ही एक्शन मोड में
Tuesday, May 05, 2026-07:13 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया): छतरपुर जिले में मंगलवार को नवागत पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने पर एडिशनल एसपी आदित्य पटले, सीएसपी अरुण सोनी सहित जिले के थाना प्रभारियों ने उनका स्वागत किया। पदभार संभालते ही एसपी सकलेचा एक्शन मोड में नजर आए और सबसे पहले अपने ही कार्यालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की बारीकी से जांच की। जहां कहीं भी खामियां या असहज स्थिति नजर आई, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
मीडिया से चर्चा में एसपी ने साफ कहा कि महिला संबंधी अपराध उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेंगे। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई और सख्त कानूनी कदम सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए भी विशेष अभियान चलाने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियमों के प्रति आमजन को जागरूक किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरती जाएगी।
एसपी सकलेचा ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध नियंत्रण उनकी पहली प्राथमिकता होगी। गुंडा तत्वों और बदमाशों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर कानून व्यवस्था बनाए रखें।
उत्तर प्रदेश-मध्यप्रदेश सीमा से लगे होने के कारण जिले में लूट और चोरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए उन्होंने इन मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस टीम पूरी सक्रियता के साथ काम कर जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।

