सो रहे पिता के कमरे में चोरी की नीयत से घुसा था बेटा... अचानक नींद खुली तो कलयुगी बेटे ने बड़ा कांड किया, उड़े होश
Wednesday, Sep 16, 2026-02:29 PM (IST)
छिंदवाड़ाः मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा जिले के उमरेठ पंचायत अंतर्गत हेटी क्षेत्र में बीती रात एक युवक ने कथित तौर पर अपने पिता की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आए भाई पर भी हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक का छिंदवाड़ा अस्पताल में उपचार चल रहा है। वारदात के बाद आरोपी जेवर लेकर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उमरेठ निवासी अरुण पवार वर्तमान में सारनी में रहता है और उमरेठ हेटी स्थित पैतृक घर पर उसका आना-जाना लगा रहता था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अरुण पर कर्ज था और वह परिवार से पैसे की मांग करता था। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले परिवार पर दबाव बनाकर मुख्य मार्ग स्थित एक प्लॉट भी बिकवाया गया था। प्लॉट से मिली राशि खर्च होने के बाद भी कथित तौर पर अरुण की पैसों की मांग जारी थी। बताया जा रहा है कि बीती रात अरुण अचानक अपने पिता के कमरे में पहुंचा।
कमरे में उसके पिता और भाई चंदू पवार सो रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर घर से सोने के जेवर लेने के बाद पिता के जागने पर अरुण ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले की आवाज से चंदू भी जाग गया, जिसके बाद आरोपी ने उस पर भी हमला किया। हमले में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंदू पवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी जेवर लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के कुछ समय बाद परिवार की महिला सदस्य की नींद खुली। कमरे में पति का खून से लथपथ शव देखकर उन्होंने शोर मचाया और पड़ोस के एक व्यक्ति को फोन कर घटना की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय जानकारी के अनुसार वारदात से पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त किया गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक का शव पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया है। घायल चंदू पवार का छिंदवाड़ा अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसे होश आ गया है। घटना के पीछे पैसे और कर्ज को लेकर पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि हत्या की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

