राज्य में मौसम का कहर! खेत में पिता-पुत्र पर गिरी आकाशीय बिजली, दर्दनाक मौ/त
Friday, May 15, 2026-05:03 PM (IST)
महासमुंदः छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में गुरुवार रात और आज सुबह बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में भारी नुकसान हुआ। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक घटना में खेत की रखवाली कर रहे पिता-पुत्र पर बिजली गिरने से पुत्र की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरी घटना में बिजली गिरने की चपेट में आने से एक खपरैल मकान में भीषण आग लग गई, जिसमें लाखों का घरेलू सामान और वाहन कवर जलकर खाक हो गया।
पहली घटना तुमगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पिरदा छापाडबरी खार की है। जहां धर्मसिंह गोंड (50) अपने पिता पुनीत राम गोंड (70) के साथ मूंगफली खेत की रखवाली के लिए पेड़ पर मचान बनाकर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक कल देर रात बिजली गिरने से धर्मसिंह गोंड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता घायल हो गए। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
दूसरी घटना कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम बाघामुड़ा की है, जहां आज सुबह बिजली गिरने से प्रज्ञानंद देवांगन के खपरैल मकान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में रखा सारा घरेलू सामान और लाखों रुपये मूल्य के वाहन कवर जलकर खाक हो गए। घटना के समय परिवार घर के भीतर ही मौजूद था, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलने पर महासमुंद और बागबाहरा से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। दोनों घटनाओं से क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। प्रशासन ने मामलों की जांच शुरू कर दी है।

