Punjab Kesari MP ads

MP में एक साथ तीन पंचायत सचिव निलंबित, लापरवाही का गंभीर आरोप; CEO की कार्रवाई से मचा हड़कंप

Tuesday, Jun 02, 2026-10:24 AM (IST)

भिण्डः मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने पर जिला पंचायत प्रशासन ने तीन ग्राम पंचायत सचिवों को निलंबित कर दिया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वीरसिंह चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार समग्र ई-केवायसी, संबल-कर्मकार पंजीयन तथा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में अत्यंत कमजोर प्रगति पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है।

निलंबित किए गए सचिवों में लहार जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत टोला के सचिव लखनलाल झा, भिण्ड जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत स्योड़ा (मूल पंचायत भौनपुरा) के सचिव रामनिवास भदौरिया तथा रौन जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत मूरतपुरा के सचिव राजेश सिंह शामिल हैं। प्रशासन की समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार इन पंचायतों में समग्र पोटर्ल पर हितग्राहियों के ई-केवायसी, जननी प्रसव योजना के हितग्राहियों के सत्यापन, संबल एवं कर्मकार पंजीयन तथा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के अंतर्गत पंजीयन कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई।

इसके कारण पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलने में विलंब हो रहा था। निलंबन अवधि के दौरान तीनों सचिवों का मुख्यालय संबंधित जनपद पंचायत निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना पंचायत स्तर के कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।




 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News