MP के इस धाकड़ अधिकारी को मिली तिहरी जिम्मेवारी,अपनी पोस्ट के साथ कार्यवाहक कलेक्टर,पंचायत CEO का अतिरिक्त प्रभार
Tuesday, Jul 21, 2026-11:28 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया): छतरपुर जिले की प्रशासनिक व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। कलेक्टर पार्थ जैसवाल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) नमः शिवाय अरजरिया के एक साथ अवकाश पर जाने के कारण सागर संभाग के कमिश्नर ने प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखने के लिए अपर कलेक्टर विनय द्विवेदी को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है।
जारी आदेश के अनुसार, विनय द्विवेदी को कलेक्टर पार्थ जैसवाल के अवकाश की अवधि तक कलेक्टर पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही वे जिला पंचायत सीईओ का कार्यभार भी संभालेंगे। इस व्यवस्था के तहत विनय द्विवेदी अब दोहरी जिम्मेदारी निभाते हुए छतरपुर जिले के कार्यवाहक कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ के रूप में प्रशासनिक कार्यों का संचालन करेंगे।
कमिश्नर द्वारा जारी आदेश का उद्देश्य जिले में प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखना और विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की बाधा न आने देना है। कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ के अवकाश से लौटने तक विनय द्विवेदी दोनों पदों का दायित्व संभालेंगे।

