Punjab Kesari MP ads

पुलिस अधिकारी पर गाली-गलौज का आरोप, लोगों से बोले- ‘औकात में रहो, घर से उठाकर ले जाएंगे’

Sunday, Oct 11, 2026-02:41 PM (IST)

टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में दुर्गा पंडाल की व्यवस्था को लेकर पुलिस और नवदुर्गा कमेटी के सदस्यों के बीच विवाद सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के कटरा बाजार चौराहे पर शनिवार देर रात हुई इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। कमेटी के सदस्यों ने पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने, धमकी देने और जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश करने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

पंडाल सजाने के दौरान बिगड़ा माहौल

जानकारी के मुताबिक, कटरा बाजार चौराहे पर नवदुर्गा कमेटी के सदस्य प्रतिमा स्थापना के लिए पंडाल तैयार कर रहे थे। इसी दौरान कोतवाली में पदस्थ सब इंस्पेक्टर राजवीर यादव एक आरक्षक के साथ मौके पर पहुंचे। पंडाल सड़क किनारे लगाए जाने को लेकर पुलिस अधिकारी ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।

कमेटी के सदस्य यश सिरोठिया का आरोप है कि बातचीत के दौरान एसआई ने उनके साथ गाली-गलौज की और धमकी भरे लहजे में बात की। घटना के दौरान कथित तौर पर अधिकारी को यह कहते हुए सुना जा रहा है कि औकात में रहो, घर से उठाकर ले जाएंगे। इस घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

25 साल पुरानी परंपरा का दिया हवाला

कमेटी के सदस्यों का कहना है कि कटरा बाजार चौराहे पर पिछले करीब 25 वर्षों से हर साल नवरात्रि के दौरान दुर्गा पंडाल लगाया जाता रहा है। उनका दावा है कि इस बार भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत एसडीएम कार्यालय से अनुमति ली गई थी और उसी के आधार पर पंडाल तैयार किया जा रहा था।

यश सिरोठिया के मुताबिक, इससे पहले पंडाल लगाने के दौरान इस तरह की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा। कमेटी के सदस्यों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर आपत्ति जताई, तो उन्हें पकड़कर वाहन में बैठाने की कोशिश की गई। कमेटी अब इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने की तैयारी में है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News