खड़े हनुमान जी ने तो कमाल कर दिया,मैं उनकी वंदना करती हूं, यहां लोगों की भावनाएं जुड़ी हैं,निकाले वैकल्पिक रास्ता-उमा भारती
Monday, Sep 14, 2026-10:52 PM (IST)
(भोपाल इजहार खान): उज्जैन के प्रसिद्ध खड़े हनुमान मंदिर की प्रतिमा को हटाए जाने के विवाद के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती से मिलने उनके निवास पहुंचे। कहा जा रहा है कि उमा भारती ने मोहन यादव को खड़े हनुमान को लेकर पत्र लिखा है।
जानिए उमा भारती ने CM को पत्र में क्या लिखा?
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लिखे पत्र में कहा था कि वे स्वयं उज्जयिनी के हैं और शहर तथा यहां के धार्मिक स्थलों की गरिमा को बेहतर समझते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि विकास और आस्था को आमने-सामने खड़ा करने के बजाय ऐसा रास्ता निकाला जाए, जिसमें दोनों का सम्मान हो। उमा भारती ने अपने पत्र में भोपाल के कमला पार्क बुर्ज वाली मस्जिद का उदाहरण भी दिया। उन्होंने बताया कि शिवराज सिंह चौहान सरकार के समय सड़क चौड़ीकरण की योजना में धार्मिक स्थल को बचाने के लिए सड़क का रूट और डीजाइन बदल दिया गया था। उनका कहना था कि उज्जैन भी इसी तरह वैकल्पिक रास्ते या डिजाइन से हल निकालना चाहिए।
उज्जैन खड़े हनुमान की प्रतिमा पर उमा भारती का बयान
उज्जैन में खड़े हनुमान मंदिर की प्रतिमा हटाने के विवाद पर उमा भारती ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा सकता। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि मस्जिद को बचाएंगे और मंदिर को गिराएंगे, ऐसा नहीं होना चाहिए।
खड़े हनुमान जी ने भी कमाल कर दिया-उमा भारती
उमा भारती ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार इस मामले में अच्छा निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि हनुमान जी के प्रति लोगों की जनभावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हनुमान जी ने भी कमाल कर दिया क्योंकि इस मुद्दे पर जनभावनाएं सामने आई हैं और सरकार का ध्यान भी इस ओर गया है।

