लाला जगत नारायण जी की 45वीं पुण्यतिथि पर बुरहानपुर में महादान, 55 लोगों ने किया रक्तदान; प्रमाण-पत्र और मेडल से सम्मानित
Thursday, Sep 10, 2026-06:02 PM (IST)
बुरहानपुर। अमर शहीद एवं पंजाब केसरी समूह के संस्थापक लाला जगत नारायण जी की 45वीं पुण्यतिथि के अवसर पर पंजाब केसरी समूह द्वारा बुरहानपुर जिला अस्पताल में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानवता की सेवा और जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में 55 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर महादान किया।पंजाब केसरी समूह द्वारा अमर शहीद लाला जगत नारायण जी की पुण्यतिथि पर प्रतिवर्ष रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र और मेडल से किया सम्मानित
रक्तदान करने वाले सभी 55 रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य केवल रक्त संग्रह करना नहीं, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को मानव सेवा के इस पुनीत कार्य से जोड़ना रहा। शिविर को सफल बनाने में जिला अस्पताल एवं ब्लड बैंक डोनेट स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। स्टाफ द्वारा रक्तदान प्रक्रिया में आवश्यक व्यवस्थाएं एवं सहयोग उपलब्ध कराया गया, जिसके चलते शिविर व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
‘रक्तदान महादान’, एक बूंद बचा सकती है जिंदगी
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार गोपाल देवकर ने कहा कि रक्तदान महादान है, क्योंकि रक्त की एक बूंद किसी जरूरतमंद की जान बचा सकती है। उन्होंने पंजाब केसरी समूह द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए पंजाब केसरी जिला ब्यूरो राजू सिंह राठौड़ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश के बड़े मीडिया समूह के साथ जुड़कर जनहित और मानव सेवा के कार्य को आगे बढ़ाना सराहनीय है।
समाजसेवी महेश चौहान ने कहा कि देश में कई बार रक्त की कमी के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में युवाओं को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए। आपका दिया हुआ रक्त किसी अनजान व्यक्ति के लिए जीवनदान बन सकता है।
वहीं समाजसेवी प्रियांक सिंह ठाकुर ने कहा कि विज्ञान ने कृत्रिम अंग बनाने में सफलता हासिल कर ली है, लेकिन आज भी कृत्रिम रक्त का निर्माण संभव नहीं है। इसलिए स्वस्थ लोगों को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान देशहित और जनहित के साथ मानवता की सच्ची सेवा है।
जनसेवा के संकल्प के साथ जुटे सामाजिक कार्यकर्ता
शिविर के दौरान पंजाब केसरी जिला ब्यूरो राजू सिंह राठौड़, वरिष्ठ पत्रकार गोपाल देवकर, समाजसेवी महेश चौहान, प्रियांक सिंह ठाकुर, सचिन गाढ़े, आकाश गायकवाड़, चंदन पवार, बसीर अहमद, इकबाल साहब, निजामउद्दीन, मोहम्मद अफजल, दुर्गेश विनोद मेढे, अंश टील्लानी सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। लाला जगत नारायण जी की पुण्यतिथि पर आयोजित यह रक्तदान शिविर मानवता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दे गया। 55 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर यह साबित किया कि किसी जरूरतमंद को जीवन देने से बड़ा पुण्य कोई नहीं।

