थाना प्रभारी के विरोध में उतरे विहिप-बजरंग कार्यकर्ता, नारेबाज़ी से गूंजा नैनपुर थाना, हनुमान चालीसा पाठ पर बैठे
Thursday, Feb 05, 2026-07:51 PM (IST)
मंडला (अरविंद सोनी) : मध्यप्रदेश के मंडला ज़िले के नैनपुर थाने में आज माहौल उस समय गरमा गया जब विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी बलदेव मुजाल्दा को तत्काल हटाने की मांग उठाई और आरोप लगाया कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। नारेबाज़ी करते हुए बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता नैनपुर थाना परिसर में एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जब भी विश्व हिंदू परिषद या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोग किसी मामले में शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचते हैं, तो उनके साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया जाता है और उनकी शिकायतें दर्ज नहीं की जातीं।

विरोध दर्ज कराने के लिए कार्यकर्ता थाना परिसर में ही धरने पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ कर अपने आक्रोश को धार्मिक स्वरूप भी दिया। माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा, हालांकि स्थिति नियंत्रण में रही।

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि"हम लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने आए हैं। अगर आम नागरिकों की शिकायतें नहीं सुनी जाएंगी, तो हम चुप नहीं बैठेंगे। थाना प्रभारी का व्यवहार पक्षपातपूर्ण है, इसलिए उन्हें तुरंत हटाया जाए।"

हालांकि, इन आरोपों को लेकर थाना प्रभारी या पुलिस विभाग की ओर से अभी तक आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और आवश्यक जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल नैनपुर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन यह घटनाक्रम पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल ज़रूर खड़े करता है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इन आरोपों पर क्या कदम उठाता है।

